रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर में गुरुवार को महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में करीब एक हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा शासकीय कन्या हाई स्कूल, बिश्रामपुर से शुरू होकर अंबेडकर चौक पहुंची। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए यात्रा वापस विद्यालय परिसर में समाप्त हुई। करीब दो किलोमीटर लंबी यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राएं, नागरिक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
देशभक्ति के नारों से गूंजा बिश्रामपुर
यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और नागरिकों की सहभागिता ने तिरंगा यात्रा को उत्साह और गरिमा प्रदान की।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह तिरंगे के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करे। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और जनभागीदारी का व्यापक जनआंदोलन है।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।