रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को कांकेर जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य समारोह का आयोजन नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री टंक राम वर्मा सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वे परेड की सलामी लेंगे और परेड का निरीक्षण करेंगे। समारोह में मंत्री द्वारा जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायर और आकर्षक मार्च पास्ट का आयोजन होगा। इसके बाद शालेय छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। समारोह में जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।