एमसीबी | मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ स्थित पुलिस ग्राउंड आमाखेरवा में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा 20 सूत्रीय कार्यान्वयन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और ध्वजारोहण करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार समारोह का आयोजन 15 अगस्त को प्रातः 9 बजे से गरिमापूर्ण वातावरण में किया जाएगा। समारोह में परेड, मार्च पास्ट, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान प्रमुख आकर्षण होंगे।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
कार्यक्रम के अनुसार मुख्य अतिथि का आगमन प्रातः 8:58 बजे होगा। इसके बाद 9:00 बजे राष्ट्रगीत, ध्वजारोहण, सलामी एवं राष्ट्रगान होगा। 9:07 बजे मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे, जबकि 9:15 बजे मार्च पास्ट आयोजित किया जाएगा।
इसके पश्चात 9:25 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। 9:45 बजे स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं 11:00 बजे उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। समारोह का समापन 11:15 बजे होगा।
समय पर पहुंचने की अपील
कलेक्टर एवं जिला प्रशासन एमसीबी ने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। प्रशासन ने सभी आमंत्रितों से अनुरोध किया है कि वे प्रातः 8:45 बजे तक पुलिस ग्राउंड आमाखेरवा में अपना स्थान ग्रहण कर लें, ताकि समारोह निर्धारित समय पर सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, व्यवस्था और आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।