बोर्ड रिजल्ट में अंक बढ़ाने के नाम पर ठगी का खेल, फर्जी कॉल से सावधान रहने किया अलर्ट

रायपुर । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने बोर्ड परीक्षार्थियों और उनके पालकों को परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने अथवा अनुत्तीर्ण विद्यार्थी को उत्तीर्ण कराने के नाम पर आने वाले फर्जी फोन कॉल और ठगी के प्रयासों से सावधान रहने की अपील की है।

मण्डल की द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा समाप्त होने के बाद वर्तमान में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य जारी है। इसी दौरान मण्डल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संभावित साइबर ठगी को लेकर सतर्क किया है।

अंक बढ़ाने के नाम पर मांगी जा सकती है रकम

मण्डल के अनुसार वर्ष 2024 और 2025 में भी बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के पहले और बाद में कुछ विद्यार्थियों एवं पालकों को फर्जी फोन कॉल आने की शिकायतें सामने आई थीं। इन कॉल में ठगों द्वारा परीक्षा परिणाम में सुधार करने, अंक बढ़ाने अथवा फेल विद्यार्थी को पास कराने का झांसा देकर धनराशि की मांग की गई थी।

मण्डल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम में बदलाव या अंक बढ़ाने के नाम पर की जाने वाली ऐसी किसी भी धनराशि की मांग का मण्डल से कोई संबंध नहीं है।

फर्जी कॉल पर न दें व्यक्तिगत जानकारी और पैसे

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने विद्यार्थियों और पालकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा परीक्षा परिणाम से संबंधित लाभ दिलाने के नाम पर फोन या किसी अन्य माध्यम से संपर्क किया जाता है, तो उस पर भरोसा न करें। किसी भी स्थिति में ऐसे व्यक्ति को पैसे न दें और आर्थिक लेन-देन से पूरी तरह बचें।

मण्डल ने कहा है कि ऐसे फर्जी कॉल प्राप्त होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी के मामलों पर कार्रवाई की जा सके।

मण्डल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के प्रलोभन या दबाव में न आएं और परीक्षा परिणाम को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक दावों से सतर्क रहें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *