कांकेर में देशभक्ति का जोश, उप मुख्यमंत्री अरुण साव की अगुवाई में निकली 2.5 किमी तिरंगा यात्रा; 92 फीट का तिरंगा बना आकर्षण

रायपुर । ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कांकेर में मंगलवार को देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

करीब ढाई किलोमीटर लंबी पैदल तिरंगा यात्रा की अगुवाई उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने की। यात्रा शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान से शुरू होकर नगर घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड, मस्जिद चौक और गांधी चौक होते हुए नवनिर्मित मिनी स्टेडियम परिसर में संपन्न हुई। विधायक श्री आशाराम नेताम और छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत भी यात्रा में शामिल हुईं।

वंदे मातरम् के साथ शुरू हुई यात्रा

तिरंगा यात्रा की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाए। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए चॉकलेट एवं टॉफियां वितरित कीं।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इस जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

92 फीट का तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र

तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित 92 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा राष्ट्रीय ध्वज लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने शहर के विभिन्न मार्गों और चौक-चौराहों पर विशाल तिरंगा लहराते हुए यात्रा में हिस्सा लिया।

सेंट माइकल इंग्लिश स्कूल की छात्राओं की बैंड टोली ने राष्ट्रगीत की धुन पर वाद्य यंत्र बजाते हुए मार्चपास्ट किया। इससे पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।

‘हर घर तिरंगा’ के लिए किया प्रेरित

तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन करने के लिए प्रेरित किया गया। केंद्र और राज्य शासन के निर्देशानुसार 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।

कार्यक्रम में कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *