जगदलपुर में 14 अगस्त को निर्यात जागरूकता कैम्प और ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट समिट, उद्यमियों को मिलेंगे वैश्विक बाजार के अवसर

जगदलपुर |  जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, जगदलपुर द्वारा आगामी 14 अगस्त को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में सुबह 10 बजे से निर्यात जागरूकता कैम्प एवं ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट समिट का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों तथा संभावित निर्यातकों को निर्यात प्रक्रिया, शासन की योजनाओं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध व्यापारिक अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

विशेषज्ञ देंगे निर्यात से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी

कार्यक्रम में डीजीएफटी, एक्जिम बैंक, ईसीजीसी, सिडबी, इंडिया पोस्ट, लीड बैंक, एमएसएमई विभाग, वॉलमार्ट और डीएचएल सहित विभिन्न संस्थाओं के विशेषज्ञ शामिल होंगे। विशेषज्ञ प्रतिभागियों को आईईसी पंजीयन, निर्यात प्रक्रिया, ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट, डाक निर्यात, निर्यात वित्त और एक्सपोर्ट डॉक्यूमेंटेशन सहित निर्यात से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

इसके अलावा प्रतिभागियों को विशेषज्ञों और ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बिजनेस इंटरेक्शन का अवसर भी मिलेगा। इससे स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं और व्यावहारिक प्रक्रियाओं को समझने में मदद मिलेगी।

उद्यमियों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील

मुख्य महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र जगदलपुर, श्री अजीत सुंदर बिलुंग ने जिले के सभी उद्यमियों, निर्यातकों, उद्योग संघों, व्यापारिक संगठनों और इच्छुक नागरिकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय उद्यमियों को निर्यात के नए अवसरों, अंतरराष्ट्रीय बाजारों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की संभावनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *