रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से राजधानी रायपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। ‘मोर तिरंगा, मोर अभिमान-हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत कई मंत्री, विधायक, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंची। यात्रा में स्कूली एवं कॉलेज छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और शहरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा के दौरान राजधानी में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
यात्रा को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया था। दोपहर करीब 1 बजे तक यात्रा मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यात्रा के दौरान कहा कि तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में जोड़ता है और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने की अपील की।