कांकेर में कल निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, डिप्टी CM अरुण साव होंगे शामिल; हजारों लोग लेंगे हिस्सा

कांकेर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 11 अगस्त को कांकेर जिला मुख्यालय में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

तिरंगा यात्रा सुबह 8 बजे शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय से शुरू होकर न्यू बस स्टैंड स्थित मिनी स्टेडियम में समाप्त होगी। यात्रा में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी और शिक्षक, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस, ईको-क्लब, पीटीआई शिक्षक, युवा तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।

सांसद भोजराज नाग होंगे कार्यक्रम के अध्यक्ष

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री भोजराज नाग करेंगे। विधायक श्री आशाराम नेताम, श्रीमती सावित्री मंडावी और श्री विक्रम उसेंडी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

तिरंगे के साथ दिया जाएगा एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश

तिरंगा देश के स्वाभिमान, स्वतंत्रता, एकता और अखंडता का प्रतीक है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह यात्रा कांकेर में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगी।

यात्रा के दौरान प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर अनुशासित तरीके से मार्च करेंगे। देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रहेगा। आयोजन का उद्देश्य विशेष रूप से नई पीढ़ी में देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।

जिला प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा

कांकेर जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस राष्ट्रीय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ नरहरदेव विद्यालय परिसर तथा मिनी स्टेडियम में तिरंगा यात्रा के लिए की जा रही तैयारियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *