सेन शक्ति सम्मेलन में CM साय का बड़ा ऐलान, सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा; नए रायपुर में संत सेन महाराज के नाम पर बनेगा चौक

रायपुर । राजधानी रायपुर के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने सेन समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।

नया रायपुर में संत सेन जी महाराज के नाम पर होगा चौक

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में एक चौक का नामकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए नामकरण समिति का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज सदियों से भारतीय सामाजिक व्यवस्था, संस्कारों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक समाज के विभिन्न संस्कारों में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कर्पूरी ठाकुर को बताया समाज का गौरव

मुख्यमंत्री ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका सेन समाज से होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष के प्रतीक रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारंपरिक हुनर और श्रम को सम्मान देने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के जरिए पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता, ऋण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

70 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन का लाभ

मुख्यमंत्री साय ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख माताओं-बहनों को हर महीने 1,000 रुपये की राशि दी जा रही है। उनके अनुसार, योजना के तहत अब तक 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता और युवाओं को रोजगार देने के लिए की जा रही भर्तियों का भी उल्लेख किया।

20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है। पुलिस, बिजली और सहकारिता सहित कई विभागों में रोजगार के अवसर दिए गए हैं, जबकि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि नई उद्योग नीति के तहत करीब डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त होने की जानकारी भी उन्होंने दी।

सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने सेन समाज के प्रतिनिधियों से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

डॉ. रमन सिंह ने सेन समाज के योगदान को सराहा

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेन समाज को सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी बताते हुए कहा कि जन्म, विवाह और मृत्यु सहित जीवन के विभिन्न संस्कारों में समाज की अहम भूमिका रही है। उन्होंने सेन समाज के युवाओं और प्रतिनिधियों के सामाजिक योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक रिकेश सेन, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास सहित सेन समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित युवाओं को केश शिल्पी किट भी वितरित किए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *