महतारी वंदन की राशि से मंदिर निर्माण में योगदान, आमापाली की महिलाओं की पहल की वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की सराहना

रायगढ़ । वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आमापाली में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर ग्रामीणों से जानकारी ली।

महतारी वंदन की राशि से मंदिर निर्माण में सहयोग

जन चौपाल के दौरान आमापाली की माताओं-बहनों की एक प्रेरणादायी पहल सामने आई। महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि में से स्वेच्छा से धनराशि एकत्रित कर भगवान जगन्नाथ मंदिर के प्रारंभिक निर्माण कार्य के लिए समर्पित की।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सहभागिता और महिला नेतृत्व की मिसाल बताया।

महिलाओं की पहल को बताया प्रेरणादायी

मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आमापाली की बहनों ने अपनी इच्छा और संकल्प से राशि एकत्रित कर मंदिर निर्माण में सहयोग किया है। यह केवल आर्थिक योगदान नहीं, बल्कि समाज और सामुदायिक विकास के प्रति उनकी जिम्मेदारी और सहभागिता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनका यह स्वैच्छिक योगदान समाज में आपसी सहयोग, सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को मजबूत करता है।

जन चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद

वित्त मंत्री ने आमापाली की माताओं-बहनों और इस पहल में सहभागी सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। जन चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की स्थानीय जरूरतों और समस्याओं को सुना तथा क्षेत्र के विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना और स्थानीय स्तर पर समाधान की दिशा में पहल करना राज्य सरकार की जनकल्याण और सुशासन की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *