अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित हर्राटिकरा में शुक्रवार को जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने एयर लेयरिंग तकनीक से तैयार पीपल के पौधे का रोपण कर ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान का शुभारंभ किया।
मंत्री ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि मानव जीवन और पृथ्वी पर मौजूद हर जीव के लिए आवश्यक हैं। पौधारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण जनभागीदारी है।
450 पौधों का सामूहिक रोपण
वन महोत्सव के दौरान 450 पौधों का सामूहिक रोपण किया गया। इस दौरान गुलर, पीपल, शीशम, गुल्लू और बरगद सहित विभिन्न स्थानीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, एनसीसी के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, वन प्रबंधन समितियों के सदस्यों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विवाह में पेड़ों की कटाई से बचने की अपील
मंत्री राजेश अग्रवाल ने लोगों से जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को पौधारोपण से जोड़ने की अपील की। उन्होंने विवाह समारोहों में मंडप निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई जैसी परंपराओं से बचने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और जन-जागरूकता के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रत्येक नागरिक यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो हरित और समृद्ध छत्तीसगढ़ का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है।
ब्लैक काइट को प्राकृतिक आवास में छोड़ा
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग द्वारा रेस्क्यू की गई ब्लैक काइट (काली चील) को मंत्री ने उसके प्राकृतिक आवास में मुक्त किया। इस पहल के जरिए वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
सरगुजा वनमंडल में 31,800 पौधे लगाए गए
वन विभाग के मुताबिक सरगुजा वनमंडल में इस वर्ष विभिन्न योजनाओं के तहत अब तक 31,800 पौधों का रोपण किया जा चुका है। कार्यक्रम में ट्री एटीएम के माध्यम से पौधारोपण की व्यवस्था भी आकर्षण का केंद्र रही।
वहीं किसान वृक्ष मित्र योजना के तहत हितग्राहियों को नीलगिरी के पौधे वितरित किए गए, जिससे कृषि वानिकी को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, वनमंडलाधिकारी, उप वनमंडलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।