CM साय की सोच को मिली नई उड़ान: धमतरी में खुलेगा छत्तीसगढ़ का पहला पशु औषधि केंद्र

धमतरी |  छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के पशुपालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जिले में राज्य का पहला पशु औषधि विक्रय केंद्र (PAVK) स्थापित होने जा रहा है। इस केंद्र के शुरू होने के बाद पशुपालकों को पशुओं के इलाज के लिए गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां सस्ती और उचित दरों पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित Livestock Health and Disease Control Programme (LHDCP) के तहत पशुपालकों को किफायती एवं बेहतर पशु औषधियां उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में धमतरी विकासखंड में प्रस्तावित प्रथम पशु औषधि विक्रय केंद्र के लिए प्राप्त आवेदन को पोर्टल पर स्वीकृति मिल गई है।

दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी

प्रस्तावित PAVK केंद्र के लिए आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन 6 अगस्त 2026 को पूरा कर लिया गया। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ में पोर्टल पर स्वीकृत आवेदनों में दस्तावेज सत्यापन के चरण तक पहुंचने वाला यह अब तक का एकमात्र आवेदन बताया जा रहा है। इससे धमतरी जिले को इस महत्वपूर्ण पहल में अग्रणी अवसर मिला है।

केंद्र के संचालन के बाद धमतरी विकासखंड क्षेत्र के पशुपालकों को पशुओं की दवाइयां स्थानीय स्तर पर कम कीमत में उपलब्ध हो सकेंगी। इससे पशुओं के उपचार में होने वाला खर्च कम होगा और जरूरत के समय दवाइयां आसानी से मिल सकेंगी।

पशुधन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार मानती है सरकार

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय पशुधन को राज्य की महत्वपूर्ण संपदा मानते हैं। सरकार का उद्देश्य पशुपालकों को बेहतर, सुलभ और प्रभावी पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में पशुओं के लिए दवाइयों की आसान उपलब्धता पशुपालकों की आजीविका को मजबूत करने में सहायक होगी।

दूर-दराज जाने की जरूरत होगी कम

PAVK केंद्र शुरू होने से पशुपालकों को पशु औषधियों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी। यह पहल जिले में पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

धमतरी में शुरू होने जा रहा यह केंद्र प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी एक मॉडल के रूप में विकसित हो सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *