भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा अलर्ट, SSB पर हमले के मामले में कार्रवाई तेज

बगहा (बिहार)  |  भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। बिहार के बगहा स्थित भारत-नेपाल बॉर्डर के सुस्ता इलाके में गश्त कर रहे सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों पर नेपाली नागरिकों द्वारा पत्थरबाजी और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के बाद वाल्मीकिनगर थाने में करीब 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, 21वीं वाहिनी SSB की टीम उप कमांडेंट विजय कुमार के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान भारतीय सीमा क्षेत्र में मिट्टी का बांध निर्माण कार्य को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। SSB जवानों ने जब निर्माण कार्य का जायजा लिया और आपत्ति जताई, तो कुछ नेपाली नागरिकों ने कथित तौर पर उनके साथ बहस की और बाद में पत्थरों से हमला कर दिया।

SSB अधिकारियों के अनुसार, 31 जुलाई को भारत और नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के बीच सीमा क्षेत्र में यथास्थिति बनाए रखने और निर्धारित सीमा से आगे बांध निर्माण नहीं करने को लेकर सहमति बनी थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने पर विवाद बढ़ गया।

घटना के बाद SSB की शिकायत पर वाल्मीकिनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सुस्ता सीमा विवाद से जुड़े मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल सीमा क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना या तनाव की स्थिति को रोका जा सके। अधिकारियों ने दोनों देशों के स्थानीय सुरक्षा बलों के बीच समन्वय बनाए रखने की बात कही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *