नई दिल्ली | फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने कुछ लोकप्रिय शराब ब्रांडों के उत्पादों को लेकर कार्रवाई की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच में फ्लेवरिंग, लेबलिंग और उत्पाद संबंधी दावों में नियमों के उल्लंघन पाए जाने के बाद कई उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई गई है।
कार्रवाई के दायरे में ओल्ड मॉन्क, मैकडॉवेल्स नंबर-1, रॉयल चैलेंज, एंटीक्विटी ब्लू और बैगपाइपर जैसे ब्रांडों के कुछ उत्पाद शामिल बताए गए हैं। FSSAI का कहना है कि कुछ कंपनियां रम और व्हिस्की जैसे मानक उत्पादों के नाम पर ऐसे पेय बेच रही थीं, जिनमें बाहरी फ्लेवर का इस्तेमाल किया गया था।
FSSAI के अनुसार, मानकों के तहत रम और व्हिस्की जैसे पेय पदार्थों में स्वाद और खुशबू प्राकृतिक प्रक्रिया जैसे कच्चे माल, फर्मेंटेशन, डिस्टिलेशन और मैच्योरिंग से विकसित होनी चाहिए। जांच में कुछ उत्पादों में बाहरी फ्लेवरिंग एजेंट के इस्तेमाल की बात सामने आई।
लेबलिंग को लेकर भी उठे सवाल
फूड रेगुलेटर ने कहा कि कुछ उत्पादों को मानक रम या व्हिस्की के रूप में पेश किया जा रहा था, जबकि वे मुख्य रूप से स्पिरिट या एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ENA) से तैयार किए गए थे और उनमें अतिरिक्त फ्लेवर मिलाए गए थे। ऐसे उत्पादों को रम-फ्लेवर्ड स्पिरिट या व्हिस्की-फ्लेवर्ड स्पिरिट के रूप में स्पष्ट रूप से लेबल किया जाना चाहिए।
इसके अलावा, कुछ उत्पादों पर उम्र और मैच्योरिंग से जुड़े दावों को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। FSSAI ने ऐसे दावों को उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाला बताया है।
इन उत्पादों पर हुई कार्रवाई
रिपोर्ट के अनुसार, कार्रवाई में मोहन रॉकी स्प्रिंगवॉटर के कुछ ओल्ड मॉन्क वेरिएंट, यूनाइटेड स्पिरिट्स के मैकडॉवेल्स नंबर-1 रम, एंटीक्विटी ब्लू व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की, इनब्रू बेवरेजेज के बैगपाइपर डीलक्स व्हिस्की और अन्य संबंधित उत्पाद शामिल हैं।
FSSAI ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कंपनियों की निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।