गौरेला-पेंड्रा-मरवाही | छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेण्ड्रारोड में नवनिर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक न्यायिक अधोसंरचना के विकास से न्याय व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्य न्यायाधीश श्री सिन्हा ने कहा कि राज्य में न्यायिक अधोसंरचना को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। पेण्ड्रारोड में निर्मित यह अत्याधुनिक न्यायालय भवन विशेष रूप से वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी, सहज और सुगम न्याय उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि न्याय तक आमजन की पहुंच को आसान बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से युक्त न्यायालय भवनों का निर्माण आवश्यक है। न्यायिक अधोसंरचना के विकास का कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
मुख्य न्यायाधीश ने बताया कि हाल ही में उन्होंने बिलासपुर जिले के बिल्हा में निर्मित नवीन न्यायालय भवन का प्रत्यक्ष निरीक्षण और लोकार्पण किया है। उन्होंने शीघ्र ही पेण्ड्रारोड स्थित नए अतिरिक्त न्यायालय भवन का भी भ्रमण करने की बात कही।
इस अवसर पर उन्होंने न्यायिक अधिकारियों, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ता संघ और क्षेत्रवासियों को नवीन न्यायालय भवन की सौगात के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
लोकार्पण समारोह में प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने नव निर्मित न्यायालय भवन की आधुनिक संरचना और उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।