महासमुंद । देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026 का महासमुंद जिले में उत्साह और जनसहभागिता के साथ सफल आयोजन किया गया। अभियान के तहत जिलेभर से 31,355 रक्षा-सूत्र (राखियां) और शुभकामना संदेश एकत्रित किए गए, जिन्हें अब देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों तक भेजा जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेन्द्र जटवार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालयों के माध्यम से अभियान चलाया गया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों, स्कूल एवं कॉलेज की छात्राओं, सामाजिक और धार्मिक संगठनों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने अपने हाथों से राखियां तैयार करने के साथ ही देश की रक्षा में जुटे सैनिकों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए भावनात्मक शुभकामना संदेश भी लिखे। इस पहल के माध्यम से जिलेवासियों ने सैनिकों के प्रति अपने सम्मान और राष्ट्रप्रेम को अभिव्यक्त किया।
जिले की विभिन्न परियोजनाओं से बड़ी संख्या में रक्षा-सूत्र एकत्रित किए गए। इनमें महासमुंद शहरी परियोजना से 3,145, महासमुंद ग्रामीण से 5,814, बागबाहरा से 6,586, पिथौरा से 2,982, बसना से 2,483 तथा सरायपाली परियोजना से सर्वाधिक 10,345 रक्षा-सूत्र शामिल हैं।
बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुधा रात्रे, सुलेखा शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पर्यवेक्षक शीला प्रधान, कुंती यादव और ऋतु सिन्हा को रक्षा-सूत्र सौंपे। विभाग द्वारा इन्हें संचालनालय, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर भेजा जा रहा है, जहां से रक्षा-सूत्र और शुभकामना संदेश देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक पहुंचाए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, छात्राओं, स्व-सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का एक प्रेरणादायी प्रयास है।