तिल्दा-नेवरा | तिल्दा के समीप स्थित ग्राम पंचायत सरोरा में नशा मुक्ति अभियान को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने गांव को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। सरपंच उमेश्वरी विश्वाम साहू के नेतृत्व में आयोजित बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों और ग्रामीणों ने अवैध शराब सहित अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत परिसर से जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में पंचायत प्रतिनिधियों, महिलाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली गांव के विभिन्न मोहल्लों, गलियों और चौक-चौराहों से होकर गुजरी। इस दौरान ग्रामीणों को अवैध शराब के कारोबार, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन तथा प्लास्टिक पानी पाउच एवं डिस्पोजल के उपयोग से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।
अवैध शराब पर कार्रवाई की चेतावनी
ग्राम पंचायत की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि गांव में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, अवैध शराब बिक्री या सेवन से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पंचायत ने ग्रामीणों से ऐसे मामलों की जानकारी देने की अपील की है।
पंचायत ने यह भी घोषणा की है कि अवैध शराब बिक्री या सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन की सूचना देने वाले जागरूक नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
महिला कमांडो दल का किया गया गठन
नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम पंचायत द्वारा महिला कमांडो दल का गठन भी किया गया है। इसमें रेवती साहू को अध्यक्ष, रोशनी वर्मा को उपाध्यक्ष, अनीता राजगोड़ को सचिव तथा गायत्री देवांगन को सहसचिव बनाया गया है।
दल में अनिता यदु, कुमारी रात्रे, संगीता वर्मा, ऋषि कुमार नेताम, निरमा नेताम, आरती नेताम, मीना नेताम, कौशिल्या जोशी, ललिता जोशी, दुबसिया यदु, दशोदा ध्रुव, कामिन यदु, शकुन जोशी, लता साहू, कुमारी जोशी एवं सावत जोशी को सदस्य बनाया गया है।
जनसहयोग से नशामुक्त गांव बनाने का लक्ष्य
इस अवसर पर सरपंच उमेश्वरी विश्वाम साहू, उपसरपंच बसंत सिंह विनोद सहित पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पंचायत ने कहा कि जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ग्राम सरोरा को नशामुक्त एवं स्वच्छ गांव बनाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।