डोंगरगढ़ । डोंगरगढ़ भाजपा में चल रही अंदरूनी हलचल थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में नई नियुक्तियों के बाद अब भाजपा मंडल सह संयोजक पंकज अग्रवाल ने संगठन की जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद एक बार फिर पार्टी के भीतर चल रहे घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की नई जिला कार्यकारिणी घोषित होने के अगले ही दिन पंकज अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा। उन्होंने अपने पत्र में बताया कि वे भाजपा आईटी सेल में कार्यरत हैं, लेकिन व्यक्तिगत और व्यावसायिक कारणों के चलते संगठन को अपेक्षित समय नहीं दे पा रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने आईटी सेल की जिम्मेदारियों सहित पार्टी के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से मुक्त होने का निर्णय लिया है।
पंकज अग्रवाल ने अपने इस्तीफे में पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए अवसर, मार्गदर्शन और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पार्टी के प्रति उनका सम्मान और सहयोग बना रहेगा।
हालांकि, उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है जब डोंगरगढ़ भाजपा पहले से ही संगठनात्मक उठापटक से गुजर रही है। इससे पहले 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे, फिर कई नेताओं के पद छोड़ने और पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष सुमित मिश्रा के इस्तीफे व बाद में वापसी जैसे घटनाक्रम सामने आ चुके हैं।
लगातार सामने आ रहे इस्तीफों ने संगठन के भीतर चल रही नाराजगी और खींचतान को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को बढ़ा दिया है। हालांकि पंकज अग्रवाल ने अपने इस्तीफे में किसी भी पदाधिकारी या संगठन के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया है और केवल निजी कारणों का हवाला दिया है।
अब सभी की नजरें भाजपा नेतृत्व के अगले कदम पर हैं। पार्टी किस तरह संगठन में समन्वय स्थापित करती है और कार्यकर्ताओं के बीच विश्वास बहाली के लिए क्या प्रयास करती है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।