रायपुर । छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और राज्य को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव के शानदार प्रदर्शन के बाद खेल मंत्री श्री अरुण साव ने प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार और नई योजनाओं का खाका पेश किया। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में जल्द ही हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा।
खेल मंत्री अरुण साव ने खेल सचिव यशवंत कुमार की मौजूदगी में मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को खेलों का मजबूत केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से तीरंदाजी के क्षेत्र में प्रदेश को देश में अग्रणी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-3 में करीब 67 करोड़ रुपए की लागत से नेशनल आर्चरी एकेडमी की स्थापना की जा रही है। इसके लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग को 13.47 एकड़ भूमि का निःशुल्क आबंटन किया गया है। अकादमी निर्माण के लिए एनटीपीसी, एनआरएएनवीपी और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बीच त्रिपक्षीय समझौता भी किया गया है।
इसके अलावा जशपुर जिले में लगभग 18 करोड़ रुपए की लागत से आर्चरी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है। वहीं नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-28 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण दो चरणों में किया जा रहा है। इसके पहले चरण के लिए 114.05 करोड़ रुपए और दूसरे चरण के लिए 94.69 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
खेल मंत्री ने बताया कि जशपुर के कुनकुरी में 64 करोड़ रुपए और रायगढ़ में 92 करोड़ रुपए की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की स्थापना को मंजूरी दी गई है।
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से मिल रही प्रतिभाओं को पहचान
अरुण साव ने बताया कि वर्ष 2024 से आयोजित हो रहे बस्तर ओलंपिक के दो संस्करण सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं। वर्ष 2024 में 1.65 लाख और वर्ष 2025 में 3.91 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। प्रतियोगिता में 11 खेल विधाओं को शामिल किया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में चिन्हित किया गया है।
इसी तरह सरगुजा ओलंपिक के पहले संस्करण में वर्ष 2026 में 3.49 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। इसमें 12 खेल विधाओं को शामिल किया गया और 14 खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में चुना गया।
खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स की मेजबानी कर चुका है छत्तीसगढ़
मंत्री ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आयोजित खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिली थी। रायपुर, बस्तर और सरगुजा में आयोजित इस प्रतियोगिता में करीब 3000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ ने इस प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक हासिल किए।
राज्य सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्वर्ण पदक विजेताओं को 2 लाख रुपए, रजत पदक विजेताओं को 1.5 लाख रुपए और कांस्य पदक विजेताओं को 1 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का प्रावधान
खेल मंत्री ने बताया कि प्रदेश में खेलों का वातावरण तैयार करने, प्रतिभाओं को तलाशने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
इस मिशन के तहत एथलीट मैनेजमेंट सिस्टम, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, फीडर सेंटर, खिलाड़ियों के कल्याण और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण जैसी योजनाओं पर काम किया जाएगा।
1143 खिलाड़ियों को मिला खेल अलंकरण का लाभ
राज्य खेल अलंकरण समारोह का उल्लेख करते हुए अरुण साव ने बताया कि वर्ष 2024 में लंबित वर्ष 2019-20, 2020-21, 2021-22 और 2022-23 के खेल अलंकरण समारोह आयोजित किए गए। इसमें कुल 1143 खिलाड़ियों को पुरस्कार, नगद राशि और खेलवृत्ति से सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाना है।