रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधा के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री निवास से उन्होंने डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) से उपलब्ध कराई गई आधुनिक निःशुल्क एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर एम्बुलेंस की शुरुआत की और विधायक अनुज शर्मा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में चालक को चाबी सौंपी।
समय पर उपचार से बचाई जा सकती है जान: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हर जीवन अनमोल है और समय पर उपचार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
19.65 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई एम्बुलेंस
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से आधुनिक एम्बुलेंस की आवश्यकता थी। इसी को ध्यान में रखते हुए डीएमएफ मद से लगभग 19 लाख 65 हजार रुपये की लागत से यह एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस का संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरसींवा से किया जाएगा और यह सेवा 24 घंटे क्षेत्र के नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। अस्पतालों के उन्नयन, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कई कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध समाज और विकसित राज्य की नींव होते हैं। धरसींवा क्षेत्र में शुरू हुई यह निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के साथ हजारों लोगों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएगी।