नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान घायल हुई आईआईटी पटना की छात्रा ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। छात्रा ने याचिका दायर कर देशभर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और भीड़ नियंत्रण के लिए एक समान मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू करने की मांग की है।
याचिकाकर्ता तोशिवा यादव ने पुलिसकर्मियों की वर्दी पर नेम बैज अनिवार्य करने की मांग भी की है, ताकि कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों की पहचान सुनिश्चित हो सके। सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर सोमवार को सुनवाई कर सकता है।
जानकारी के अनुसार, तोशिवा यादव 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित NEET-UG विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थीं। प्रदर्शनकारी संसद की ओर मार्च करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। छात्रा का आरोप है कि प्रदर्शन से लौटते समय पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई और उन्हें इलाज व टांके लगाने पड़े।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया गया, जिससे कई छात्र घायल हुए और कुछ लोग बेहोश भी हो गए।
छात्रा ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की है कि प्रदर्शन के दौरान घायल होने वाले लोगों को तत्काल और उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उनका कहना है कि देशभर में पुलिस की कार्रवाई के लिए स्पष्ट नियम और जवाबदेही तय होना जरूरी है।