काहिरा | मिस्र में सोमवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 दर्ज की गई। भूकंप के झटके मिस्र के कई हिस्सों के अलावा आसपास के देशों में भी महसूस किए गए।
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के अनुसार, भूकंप का केंद्र भूमध्य सागर क्षेत्र में समुद्र के भीतर लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस भूकंप से अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
कई देशों में महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके मिस्र की राजधानी काहिरा, गीजा और अन्य प्रांतों में महसूस किए गए। इसके अलावा इजरायल, फिलिस्तीन, लेबनान, जॉर्डन और साइप्रस के कुछ हिस्सों में भी लोगों ने कंपन महसूस किया।
अधिकारियों के अनुसार, भूकंप का केंद्र स्वेज शहर से करीब 38 किलोमीटर दूर भूमध्य सागर क्षेत्र में स्थित था।
रेड क्रिसेंट ने शुरू किया आपातकालीन अलर्ट
भूकंप के बाद मिस्र रेड क्रिसेंट ने प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था सक्रिय कर दी है। राहत एजेंसियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
रेड क्रिसेंट ने नागरिकों से अपील की है कि जिन इमारतों में संरचनात्मक नुकसान के संकेत दिखाई दें, उनसे दूरी बनाए रखें और केवल आधिकारिक एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।