रायपुर । न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अधिक सशक्त, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से 2 अगस्त को रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में ‘नवीन आपराधिक कानूनों के माध्यम से डिजिटल न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाना’ विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा इसकी अध्यक्षता करेंगे। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव तथा उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों सहित न्यायपालिका, पुलिस और अभियोजन तंत्र के वरिष्ठ अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे।
कार्यशाला में अंतर-संचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली (ICJS), अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क प्रणाली (CCTNS), डिजिटल न्यायिक समन्वय और नवीन आपराधिक कानूनों के तहत तकनीकी एकीकरण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण और प्रस्तुतीकरण भी दिए जाएंगे।
इस कार्यशाला का उद्देश्य न्यायपालिका, पुलिस और अभियोजन तंत्र के बीच डिजिटल समन्वय को मजबूत करना, नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना और नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में तकनीक आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देना है।