किरंदुल। डीएवी पब्लिक स्कूल किरंदुल के सभागार में शनिवार को ‘तरुण्या वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक की छात्राओं ने भाग लिया और अनुभवी शिक्षकों से किशोरावस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को किशोरावस्था में आने वाली शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक समस्याओं के साथ-साथ उनके समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षकों ने शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और इस उम्र में स्वयं की देखभाल के तरीकों पर चर्चा की।
इस अवसर पर छात्राओं को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। आपातकालीन परिस्थितियों में किन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है और स्वयं को सुरक्षित रखने के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ‘तरुण्या वार्ता’ कार्यक्रम छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और उपयोगी रहा। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें अपनी समस्याओं को समझने तथा उनका समाधान खोजने में सहायता मिली।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डीएवी परिवार के साथ शिक्षिकाओं श्रीमती रेखा सिंह, श्रीमती दीपाश्री, श्रीमती धरती वर्मा, श्रीमती नीति सिंह, श्रीमती रूपा सक्सेना एवं तृप्ति प्रसाद का विशेष योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।