रायपुर। कटघोरा में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा की जगह सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। इस मामले को लेकर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने प्रदेशभर में स्थापित अटल प्रतिमाओं की जांच की मांग की है।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि कटघोरा मामले में एक सब इंजीनियर को निलंबित किया गया है, लेकिन यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि केवल एक स्थान की जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में लगी अटल प्रतिमाओं का परीक्षण कराया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
बस्तर पंडुम में भ्रष्टाचार के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा बस्तर पंडुम आयोजन में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने पर अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन में खर्च की गई राशि का ऑडिट कराया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह आयोजन राजीव मितान क्लब की तरह नहीं है और कांग्रेस बेवजह आरोप लगा रही है।
स्मार्ट मीटर विवाद पर कांग्रेस पर हमला
राज्य में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस के आंदोलन को लेकर भी अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में हुई थी। कांग्रेस नेताओं को इस मुद्दे पर पहले अपनी ही सरकार से सवाल करना चाहिए।
कांग्रेस के पुनर्गठन पर कसा तंज
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन पुनर्गठन को लेकर भी भाजपा विधायक ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास वर्तमान में न तो सक्रिय मुद्दे हैं और न ही संगठन को लेकर स्पष्ट दिशा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अंदरूनी कलह से जूझ रही है।
कुलगाम आतंकी हमले को बताया टारगेट किलिंग
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत पर अजय चंद्राकर ने दुख जताया। उन्होंने इसे टारगेट किलिंग बताते हुए कहा कि आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल राहत और मुआवजे की घोषणा करने की मांग की।