दो साल से समस्याओं से परेशान छात्र सड़क पर उतरे, प्रशासन के आश्वासन पर माने

कोरबा। जिले के कटघोरा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों ने शनिवार सुबह प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक के व्यवहार से नाराज होकर कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप तथा कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से कई समस्याएं बनी हुई हैं। उनका कहना है कि भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है और कई बार खाने में कीड़े निकल चुके हैं। इसके अलावा प्राचार्य अहमद खान और छात्रावास अधीक्षक के अभद्र व्यवहार से छात्र परेशान हैं। छात्रों ने बताया कि बीते दो वर्षों से वे इन समस्याओं का सामना कर रहे हैं और कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

छात्रों ने यह भी बताया कि इससे पहले वे अपनी मांगों को लेकर स्थानीय विधायक के समक्ष भी प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही स्थानीय तहसीलदार, एसडीएम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्राचार्य को हटाने और छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जिला कलेक्टर से बात नहीं कराई जाती, तब तक वे प्रदर्शन समाप्त नहीं करेंगे।

बाद में प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद छात्रों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। प्रशासन ने छात्रों की शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *