रायपुर | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर राज्य से 5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव के लिए पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि राज्य को हर महीने पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराए जाते हैं, तो चावल के परिवहन में तेजी आएगी। इससे गोदामों में नई खरीफ फसल के भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा और किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया भी अधिक सुचारु और प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकेगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ को केंद्रीय पूल हेतु 73 लाख टन चावल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए उन्होंने राज्य को प्रतिमाह कम से कम 250 रेलवे रैक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चावल के उठाव और परिवहन को सुचारु बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी उपस्थित रहे। राज्य सरकार का मानना है कि समय पर चावल का उठाव होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के साथ-साथ आगामी धान खरीदी सीजन की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी।