भिवंडी | महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब बालाजी नगर स्थित चार मंजिला रिहायशी इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा गुरुवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। इमारत में कुल 48 कमरे थे और इसे पहले ही स्थानीय नगर निकाय द्वारा जर्जर एवं खतरनाक घोषित किया जा चुका था। हादसे के समय इमारत में मरम्मत का कार्य भी चल रहा था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 9 बजे इमारत से तेज दरार पड़ने जैसी आवाजें आने लगी थीं। इसके बाद कई परिवारों को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ लोग बाहर निकल पाते, उससे पहले ही इमारत की ‘बी’ विंग ढह गई।
घटना के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), ठाणे आपदा मोचन दल, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनों, एंबुलेंस, दमकल वाहनों और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है।
प्रशासन ने बताया कि हादसे में घायल एक नाबालिग को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, जिला प्रशासन ने इमारत गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में भवन की जर्जर स्थिति और मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।