CM विष्णु देव साय ने PM मोदी को बताया छत्तीसगढ़ का विकास विजन, बस्तर से निवेश तक कई मुद्दों पर चर्चा

रायपुर | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास, बस्तर के कायाकल्प और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर प्रधानमंत्री के सामने विस्तृत रोडमैप रखा।

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को बताया कि सुरक्षा, विश्वास और विकास की नीति के चलते बस्तर में तेजी से बदलाव हो रहा है। कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले बस्तर में अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।

राजनांदगांव में 10,500 करोड़ की यूरिया परियोजना को मंजूरी की मांग

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से राजनांदगांव में प्रस्तावित करीब 10,500 करोड़ की गैस आधारित यूरिया परियोजना को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से किसानों को उर्वरक की बेहतर उपलब्धता मिलेगी और प्रदेश में रोजगार व औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

461 गांवों को स्थायी बिजली ग्रिड से जोड़ने का प्रस्ताव

सीएम साय ने बस्तर समेत संवेदनशील क्षेत्रों के 461 गांवों को स्थायी विद्युत ग्रिड से जोड़ने के लिए केंद्र से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि बिजली पहुंचने से इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और छोटे उद्योगों को मजबूती मिलेगी।

रायपुर या बस्तर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद की मांग

मुख्यमंत्री ने रायपुर या बस्तर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (AIIA) की स्थापना का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के सामने रखा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में औषधीय पौधों और पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान की समृद्ध विरासत है, जिससे शोध और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।

5,542 गांवों तक पहुंच रही योजनाएं

मुख्यमंत्री ने ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने’ योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि बस्तर संभाग के 5,542 गांवों में सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इससे करीब 39 लाख लोगों को फायदा मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि बस्तर में 421 बंद स्कूल दोबारा शुरू किए गए हैं। इसके अलावा ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।

स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी पर भी चर्चा

सीएम साय ने प्रधानमंत्री को बताया कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत अब तक 34 लाख से ज्यादा लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। वहीं सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

उन्होंने जगदलपुर-रावघाट रेल परियोजना, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और इंद्रावती नदी बैराज परियोजना की प्रगति की जानकारी भी दी।

पीएम मोदी को दिया लखपति दीदी सम्मेलन का न्योता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्ष 2027 में रायपुर में प्रस्तावित ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 10.42 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और आने वाले समय में 14 लाख और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

छत्तीसगढ़ में 8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में बढ़ते औद्योगिक निवेश की जानकारी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को करीब 8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें एआई डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, गारमेंट और अन्य आधुनिक उद्योगों से जुड़े निवेश शामिल हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ को विकास की नई दिशा मिल रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ को शांति, समृद्धि और विकास के मॉडल के रूप में स्थापित किया जाए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *