बस्तर कांकेर । स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि व्हीएसके (VSK) ऐप में आ रही तकनीकी त्रुटियों को लेकर राज्य सरकार गंभीर है और जल्द ही इनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी समस्या के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। शिक्षकों को इस संबंध में चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि व्हीएसके ऐप में आ रही समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक ऐप की तकनीकी खामियों को दूर कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि शिक्षक आसानी से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकें।
उन्होंने प्रदेश के शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के लगभग 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से करीब 85 प्रतिशत यानी लगभग डेढ़ लाख शिक्षक प्रतिदिन व्हीएसके ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह शिक्षकों की तकनीक अपनाने की तत्परता और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने में उनकी सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों के शिक्षण कार्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर व्हीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में किसी शिक्षक को कठिनाई आती है तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।
शिक्षा मंत्री ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे नियमित रूप से व्हीएसके ऐप का उपयोग करते रहें और किसी भी तकनीकी समस्या या सुधार संबंधी सुझाव को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सरकार प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक सुधार करेगी, जिससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बन सके।