रायपुर। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में व्यापक डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग की टीमें दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में पहुंचकर वृद्ध, विधवा, दिव्यांग सहित अन्य पेंशन हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन कर रही हैं।
अभियान के तहत बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत गोपातू और जमीरापाट में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों की पात्रता, पेंशन प्राप्ति की स्थिति और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचकर टीम ने हितग्राहियों से सीधे संपर्क किया और उपलब्ध जानकारी का मिलान किया।
पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने की पहल
ग्राम जमीरापाट की श्रीमती सुंदरी नगेशिया और ग्राम गोपातू की श्रीमती मुली नगेशिया ने बताया कि उनका क्षेत्र काफी दूरस्थ है। उन्हें कार्यालय जाकर सत्यापन कराने की चिंता थी, लेकिन प्रशासनिक टीम के घर पहुंचने से उन्हें सुविधा मिली और पेंशन जारी रहने का भरोसा भी मिला।
दस्तावेजों की हो रही जांच
सत्यापन अभियान के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों के दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पात्रता सुनिश्चित करना, लंबित प्रकरणों की पहचान करना और योजना से छूटे हुए पात्र व्यक्तियों को जोड़ना है।
प्रशासन का कहना है कि इस पहल से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच मजबूत होगी और जरूरतमंद हितग्राहियों को पेंशन का लाभ सुगमता से मिल सकेगा।