किरंदुल में स्वच्छता दीदियों ने चलाया जागरूकता अभियान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के पालन की अपील

किरंदुल। नगर पालिका परिषद किरंदुल द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को नगर के मार्केट क्षेत्र और बस स्टैंड में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य नागरिकों और दुकानदारों को कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।

स्वच्छता दीदियों ने अभियान के दौरान दुकानदारों और आम नागरिकों को ठोस अपशिष्ट का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने की जानकारी दी। इसमें गीला, सूखा, सैनिटरी और विशेष देखभाल अपशिष्ट को अलग-अलग करने तथा निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की गई।

अभियान के दौरान दुकानदारों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने और इसके स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने का आग्रह किया गया। स्वच्छता दीदियों ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है और शासन द्वारा इसके उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है।

नगर पालिका की टीम ने नागरिकों से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री के उपयोग और विक्रय से बचने की अपील की। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का पालन करते हुए नगर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

नगर पालिका परिषद ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है और ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *