तिल्दा नेवरा। मिशन कॉलोनी वार्ड क्रमांक 22 में सतनामी संत समाज द्वारा गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सतनाम पंथ के महान संत एवं गुरु घासीदास बाबा जी के ज्येष्ठ पुत्र गुरु अमरदास जी की जयंती भी मनाई गई। समाज के लोगों ने उनके आदर्शों और बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जैतखाम की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात गुरु अमरदास जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर सामूहिक आरती की गई। उपस्थित संतों और वक्ताओं ने गुरु अमरदास जी के जीवन एवं समाज सुधार कार्यों पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि गुरु अमरदास जी ने समाज में जागरूकता फैलाने, समानता और मानवता का संदेश देने के साथ ही अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में रोशन गिलहरे, दिनेश टंडन, अनिल धारपे, श्रीमती आरती गिलहरे, श्रीमती रजनी माण्डले सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संकलन सौरभ टंडन द्वारा किया गया।