रायपुर । छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब प्रदेश की प्रमुख नदियों पर साफ दिखाई देने लगा है। महानदी, पैरी और खारुन सहित कई नदियां उफान पर हैं। बढ़ते जलस्तर के चलते राजिम धाम स्थित त्रिवेणी संगम पर प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में वर्षों बाद पानी पहुंच गया है। वहीं कई इलाकों में सड़क संपर्क बाधित होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
गरियाबंद जिले में पिछले करीब 60 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। सिकासेर जलाशय से लगभग 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे राजिम स्थित बाबा कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर में पानी भर गया। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और निचले इलाकों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है तथा मुनादी कराकर अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बारिश का असर परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा है। पैरी नदी के उफान पर होने से नेशनल हाईवे-130सी पर पंटोरा के पास जलभराव हो गया है। इसके चलते रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर पिछले 24 घंटे से यात्री बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में भी भारी बारिश के कारण भैरमगढ़ क्षेत्र के पातरपारा में पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।
राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश के कारण खारुन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। महादेव घाट पर नदी का पानी पुल तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।