रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महर्षि वेद व्यास जयंती के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वेद व्यास भारतीय ज्ञान, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के महान स्तंभ रहे हैं।
अपने शुभकामना संदेश में वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि महर्षि वेद व्यास ने वेदों का संकलन, महाभारत की रचना और अठारह पुराणों के प्रणयन के माध्यम से मानव समाज को अमूल्य ज्ञान की धरोहर प्रदान की। उनके विचार आज भी समाज को सत्य, धर्म, ज्ञान और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि महर्षि वेद व्यास का जीवन ज्ञान के महत्व, नैतिक मूल्यों और लोककल्याण की भावना को आत्मसात करने का संदेश देता है। उनकी शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।
वित्त मंत्री ने प्रदेशवासियों से महर्षि वेद व्यास के आदर्शों और उनके बताए मार्ग का अनुसरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में ज्ञान, संस्कार और मानवता के मूल्यों को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्री चौधरी ने इस अवसर पर सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।