16 लाख की सड़क अब तक नहीं बनी, नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के भैसबोड़ गांव में सड़क निर्माण में हो रही देरी से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने खराब सड़क पर ही धान की रोपाई कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में राम मंदिर से मड़ई चौक तक सड़क निर्माण के लिए 16 लाख 15 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मंडी बोर्ड से 12 दिसंबर 2024 को जारी की गई थी। इसके बाद 4 सितंबर 2025 को वर्क ऑर्डर भी जारी हो गया था। निर्माण कार्य को तीन महीने में पूरा किया जाना था, लेकिन करीब एक साल बीतने के बाद भी सड़क का काम शुरू नहीं हो सका है।

बारिश के मौसम में ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। कीचड़ और खराब रास्ते के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय की मांग के बाद सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली थी, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं होने से उन्हें निराशा हो रही है। विरोध के दौरान ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर भी मौके पर पहुंचे और सड़क के बीचों-बीच धान रोपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

ग्रामीणों ने मांग की है कि स्वीकृत सड़क का निर्माण जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि बरसात में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

इस मामले में डौंडी जनपद पंचायत के सीईओ डी. डी. मांडले से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *