ज्ञानेश्वरी यादव की ऐतिहासिक उपलब्धि, वेटलिफ्टिंग में रजत जीत पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने दी बधाई

रायपुर । कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 53 किलोग्राम भार वर्ग वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व, सम्मान और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्नैच में 88 किलोग्राम, क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम और कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया है।

उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ आत्मविश्वास का परिणाम है। उनके प्रदर्शन ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।

बेटियों के लिए बनी प्रेरणा

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और निरंतर अभ्यास के बल पर विश्वस्तरीय मंच पर सफलता हासिल कर यह साबित किया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने की क्षमता रखती हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव आने वाले समय में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करती रहेंगी।

खेल प्रतिभाओं को मिल रही नई पहचान

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाएं लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने का कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव का रजत पदक आने वाले समय में प्रदेश के अनेक युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का आधार बनेगा और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगा।

मंत्री श्री अग्रवाल ने ज्ञानेश्वरी यादव के उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *