रायपुर। राजधानी रायपुर के जेल रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर आग लगने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार आग अस्पताल के केजुअल्टी (इमरजेंसी) वार्ड में लगी। आग लगने के बाद वार्ड में धुआं फैल गया, जिसके चलते मरीजों और अस्पताल प्रबंधन में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि समय रहते सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूचना मिलने के बाद मोदहापारा पुलिस भी मौके पर पहुंची। वार्ड से धुआं निकालने के लिए ब्लोअर की मदद ली गई। दमकल कर्मियों ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी मरीज या स्टाफ के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एसी या मॉनिटर में तकनीकी खराबी के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
अस्पताल प्रबंधन और पुलिस द्वारा घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।