महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान को लेकर तैयारियां तेज, बालोद में लगाए जाएंगे लाखों पौधे

बालोद । पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में पहली बार ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ का आयोजन 30 जुलाई को किया जाएगा। अभियान के तहत बालोद जिले में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित 2 लाख 45 हजार से अधिक महिलाएं पौधारोपण करेंगी।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन में अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के समन्वय से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी की जा रही है।

अभियान के तहत महिलाओं को अपने घर, आंगन या उपयुक्त सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। महिलाओं को पौधे उपलब्ध कराने की व्यवस्था आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से की जा रही है। वन विभाग की नर्सरियों से बड़ी संख्या में पौधों की आपूर्ति की जा रही है।

पौधे के साथ फोटो अपलोड करने पर मिलेगा सर्टिफिकेट

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने बताया कि अभियान में भाग लेने वाली महिलाएं पौधारोपण के बाद पौधे के साथ अपनी फोटो या सेल्फी आधिकारिक वेबसाइट mybalod.com पर अपलोड कर सकेंगी। फोटो अपलोड करने के बाद उन्हें ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी डाउनलोड करने की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि जिले में पौधारोपण के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। अब तक 2 लाख से अधिक गड्ढे खोदे जा चुके हैं और पौधों की आपूर्ति संबंधित स्थानों तक पहुंचाई जा चुकी है। जिले की 440 से अधिक ग्राम पंचायतों में पौधों का वितरण भी किया जा चुका है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम से जुड़ेंगे लोग

जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने कहा कि महतारी वंदन योजना की लाभान्वित महिलाओं सहित सभी नागरिकों को इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के तहत पौधारोपण करने की अपील की। भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, विधायक संगीता सिन्हा, विधायक कुंवर सिंह निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी वीडियो संदेश जारी कर अभियान में सहभागिता की अपील की है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से न केवल जिले में हरियाली बढ़े, बल्कि महिलाओं की भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक स्थायी पहल स्थापित हो।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *