श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस जम्मू-कश्मीर के गंदेरबल जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बालटाल से श्रीनगर की ओर जा रही बस रंगा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में करीब 40 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए श्रीनगर के एसकेआईएमएस सौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस भगवती यात्रा कंपनी की बताई जा रही है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर AR 11 D 5655 है। बताया गया कि बस आधिकारिक काफिले (कन्वॉय) का हिस्सा नहीं थी और बालटाल से श्रीनगर की ओर जा रही थी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहत दलों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी यात्रियों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को पहले उप-जिला अस्पताल कंगन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 40 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए एसकेआईएमएस सौरा, श्रीनगर रेफर किया गया।
राहत की बात यह है कि हादसे में फिलहाल किसी श्रद्धालु की मौत की सूचना नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार कई यात्रियों को सिर और अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन सभी की स्थिति अभी स्थिर बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालु घायल
हादसे में घायल यात्रियों में बड़ी संख्या में मध्य प्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालु शामिल हैं। मध्य प्रदेश के मंदसौर, नीमच और बड़नगर क्षेत्र के यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं राजस्थान के कई श्रद्धालु भी हादसे में घायल हुए हैं।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ली जानकारी
अमरनाथ यात्रा बस हादसे को लेकर मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी दी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर प्रशासन और मंदसौर जिला प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
उपमुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मंदसौर जिला प्रशासन घायल यात्रियों की जानकारी जुटाने और समन्वय में लगा हुआ है।