नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने बताया है कि वह टाइफाइड से संक्रमित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी और कहा कि बीमारी के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।
अभिजीत दिपके ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। जांच के बाद ब्लड रिपोर्ट में टाइफाइड की पुष्टि हुई है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें दवाएं दी जा रही हैं।
‘इलाज भी चलेगा, आंदोलन भी जारी रहेगा’
वीडियो संदेश में दिपके ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी उनके संघर्ष को कमजोर नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी प्रमुख मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने CJP कार्यकर्ताओं और समर्थकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि देशभर से मिल रहा समर्थन उनके लिए प्रेरणा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आंदोलन अपने उद्देश्य तक जरूर पहुंचेगा।
तीसरे दौर की बैठक से पहले आया बयान
अभिजीत दिपके का यह बयान ऐसे समय आया है, जब CJP और सरकार के बीच बातचीत का तीसरा दौर प्रस्तावित है। संगठन ने पहले भी कहा है कि अगर उनकी मांगों पर सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं मिलता है तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।
CJP की ओर से शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही, NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है।
बैठक को लेकर CJP ने जताई उम्मीद
CJP एक्टिविस्ट आशुतोष रांका ने बताया कि केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ हुई बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने दावा किया कि NEET विवाद से प्रभावित परिवारों को मुआवजा और प्रदर्शनकारियों से जुड़े मामलों पर सकारात्मक चर्चा हुई है।
रांका ने कहा कि संगठन को उम्मीद है कि इन मुद्दों पर जल्द लिखित सहमति मिल सकती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अभी सरकार के औपचारिक जवाब का इंतजार है।
20 जून से जंतर-मंतर पर जारी है प्रदर्शन
CJP के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से आंदोलन जारी है। संगठन NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है।
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस ने अभिजीत दिपके की मौत से जुड़ी वायरल फर्जी खबर को खारिज करते हुए लोगों से केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर भरोसा करने को कहा है।