प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, हर परीक्षार्थी की होगी फ्रिस्किंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGVYAPAM) द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा (PSLA-26) का आयोजन 26 जुलाई 2026 (रविवार) को रायपुर जिले के 52 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें 16,987 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सोसायटी सभाकक्ष में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर ने की और परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त

परीक्षा संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को नोडल अधिकारी तथा विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सुबह 6 बजे से होगी गोपनीय सामग्री का वितरण

भर्ती परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण 26 जुलाई की सुबह 6:00 बजे जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से किया जाएगा। अधिकारियों को समयबद्ध और सुरक्षित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर सभी सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध

अपर कलेक्टर ने सभी केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पेयजल, बिजली, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

प्रवेश से पहले होगी अनिवार्य फ्रिस्किंग

परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अनिवार्य फ्रिस्किंग की जाएगी। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फ्रिस्किंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *