बस्तर में अनोखी शादी: केंद्रीय जेल में कैदी ने प्रेमिका को बनाया जीवनसाथी

जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां केंद्रीय जेल में बंद एक कैदी ने अपनी प्रेमिका से शादी की। खास बात यह है कि जिस युवती के परिजनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था, वही युवती अब उसके साथ वैवाहिक बंधन में बंध गई है।

जानकारी के मुताबिक, राजूर गांव निवासी सुरेश सेठिया और मनमती कश्यप एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों अलग-अलग जातियों से होने के कारण युवती के परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। विवाद बढ़ने के बाद युवती के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

प्रेमिका ने कोर्ट में रखी अपनी बात

युवक के जेल जाने के बाद युवती ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। उसने कोर्ट को बताया कि वह और सुरेश अपनी मर्जी से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते हैं। युवती के बयान और परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने पुलिस और जेल प्रशासन को दोनों की शादी कराने के निर्देश दिए।

जेल परिसर में हुई शादी

अदालत के आदेश के बाद जेल प्रशासन ने शादी की व्यवस्था की। केंद्रीय जेल परिसर में मंडप सजाया गया, जहां कानून की निगरानी में दोनों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया।

यह मामला प्रेम, कानून और न्याय व्यवस्था के बीच संतुलन का उदाहरण बनकर सामने आया है। अदालत के निर्देश के बाद जेल परिसर में हुई यह शादी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *