नई दिल्ली | जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट सेवाएं बंद रखने का फैसला किया है। ये स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
DMRC ने बताया कि गुरुवार सुबह 7:30 बजे से इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, कुछ प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को लाइन बदलने यानी इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
ये 16 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
DMRC के अनुसार, बंद रहने वाले स्टेशनों में शामिल हैं:
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- बाराखंभा रोड
- सुप्रीम कोर्ट
- सेवा तीर्थ
- जनपथ
- मंडी हाउस
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
- आईटीओ
- दिल्ली गेट
- इंद्रप्रस्थ
- खान मार्केट
- जोर बाग
- शिवाजी स्टेडियम
इन स्टेशनों पर यात्री न तो प्रवेश कर सकेंगे और न ही बाहर निकल पाएंगे।
तीन स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा जारी
DMRC ने स्पष्ट किया है कि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा जारी रहेगी। यात्री केवल एक लाइन से दूसरी लाइन में बदलाव कर सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
इस हफ्ते दूसरी बार बंद किए गए स्टेशन
सुरक्षा कारणों से इसी सप्ताह दूसरी बार मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदी लगाई गई है। इससे पहले 20 जुलाई को CJP के संसद मार्च को देखते हुए कुछ स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद की गई थी। इसके बाद बुधवार और गुरुवार को 16 स्टेशनों पर यह व्यवस्था लागू की गई।
विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए मेट्रो सेवाएं बंद करना उचित नहीं है।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार को युवाओं की बात सुननी चाहिए और आंदोलन को दबाने के बजाय संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।
CJP ने इंटरनेट बंद करने का लगाया आरोप
वहीं, CJP ने जंतर-मंतर क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद किए जाने का आरोप लगाया है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सवाल उठाया कि क्या सरकार आंदोलन के खिलाफ और कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शन और प्रशासनिक तैयारियों के बीच राजधानी में यातायात और मेट्रो सेवाओं पर असर जारी है।