राजीव भवन के बाहर बवाल: बैरिकेडिंग तोड़ने और पुलिस पर हमला करने के आरोप में 12 नेता नामजद

रायपुर |   भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्यालय के घेराव के दौरान हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने कांग्रेस के 12 नामजद नेताओं और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। मामला खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में आयोजित भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान राजीव भवन के सामने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। आरोप है कि इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय की ओर से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की।

एफआईआर में दावा किया गया है कि स्थिति तनावपूर्ण होने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी के टुकड़े और जूते फेंके। इस घटना में पीएसआई देवराज सिंह के सिर में चोट लगी, जबकि महिला आरक्षक सीमा बंजारे के हाथ में चोट आई। पुलिस के अनुसार, कई अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

पुलिस ने कांग्रेस नेताओं सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया है।

सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 191 और 221 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके नाम भी मामले में जोड़े जा सकते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *