छत्तीसगढ़ में सियासी संग्राम तेज: राहुल गांधी के प्रदर्शन पर भड़की BJP, प्रदेश अध्यक्ष और मंत्रियों ने संभाला मोर्चा

रायपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के विरोध में छत्तीसगढ़ भाजपा ने राजधानी रायपुर में बड़ा प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत आधा दर्जन मंत्रियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोला और कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन की ओर कूच किया।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर नियमों का उल्लंघन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया।

बैरिकेड तोड़ आगे बढ़े भाजपा कार्यकर्ता

राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके में भाजपा नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए और कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और रास्ते में बैरिकेड लगाए गए थे।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद वरिष्ठ नेताओं की समझाइश पर आंदोलन को सांकेतिक रूप से समाप्त किया गया।

कई बड़े नेता रहे मौजूद

भाजपा के इस प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री राजेश अग्रवाल, श्याम बिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत साहेब, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी रजवाड़े, वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा और जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

किरण सिंह देव बोले- कांग्रेस का कृत्य शर्मनाक

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का प्रधानमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन और कथित अपशब्दों का इस्तेमाल बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद है और उसके खिलाफ इस तरह की भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इसी विरोध में कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े थे। उन्होंने दावा किया कि सरकार संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस निम्न स्तर की राजनीति कर रही है।

अरुण साव ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राहुल गांधी के प्रदर्शन को लेकर कहा कि नेता प्रतिपक्ष का आचरण संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद में चर्चा से बच रही है और केवल हंगामा करने की राजनीति कर रही है।

राजेश मूणत ने भी कांग्रेस को घेरा

वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा किए गए प्रदर्शन का भाजपा विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है और जनता अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है।

भाजपा के इस प्रदर्शन के बाद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों दलों के नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *