रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी के कांग्रेस कार्यालय घेराव को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल विरोध प्रदर्शन नहीं था, बल्कि कांग्रेस कार्यालय पर सुनियोजित हमला था।
बैज ने कहा कि दिल्ली में हुई घटना के विरोध में राहुल गांधी के प्रदर्शन से बौखलाकर भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। उनके अनुसार प्रदर्शनकारी लाठी, डंडे और पत्थरों से लैस थे तथा उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पथराव भी किया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी के इस प्रदर्शन में राज्य सरकार के कई मंत्री शामिल थे। बैज ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन मंत्रियों पर है, वे स्वयं उकसाऊ भाषण देते नजर आए, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है।
पुलिस की भूमिका पर भी उठाए सवाल
दीपक बैज ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पूरी घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्रवाई को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
घटना की निंदा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक विरोध के नाम पर हिंसा और राजनीतिक कार्यालयों पर हमला स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।