नई दिल्ली | CJP के जारी प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने संगठन से बातचीत के लिए सहमति जताई है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने CJP प्रतिनिधि सोनम वांगचुक से मुलाकात के बाद कहा कि संगठन जब भी बातचीत के लिए तैयार होगा, सरकार चर्चा के लिए तैयार है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में चल रहे CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच जेपी नड्डा और सोनम वांगचुक के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। इसके बाद नड्डा ने सरकार की ओर से संवाद के लिए तैयार रहने की बात कही।
CJP ने भी बातचीत पर जताई सहमति
सरकार के प्रस्ताव पर CJP की ओर से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है। संगठन के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि CJP सरकार से बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें रखी गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार पहले यह दावा कर रही थी कि CJP बातचीत नहीं करना चाहता, लेकिन अब जब सरकार खुद बातचीत के लिए तैयार है तो इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकता है।
नेताओं के घर नहीं, सामान्य जगह पर होगी बैठक
CJP प्रवक्ता ने कहा कि संगठन किसी नेता के घर या निजी कार्यालय में जाकर बातचीत नहीं करेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि बातचीत या तो जंतर-मंतर पर हो या फिर किसी सार्वजनिक स्थान जैसे कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित की जाए।
उन्होंने कहा कि बातचीत का उद्देश्य समाधान निकालना होना चाहिए और इसके लिए दोनों पक्षों को उचित माहौल तैयार करना होगा।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने भी किया था संपर्क
सौरव दास ने बताया कि दिल्ली पुलिस के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने भी CJP से संपर्क कर सरकार की बातचीत की इच्छा के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदर्शन शुरू होने के शुरुआती दौर में ही बातचीत करनी चाहिए थी।
CJP प्रवक्ता ने कहा कि सभी पक्ष जानते हैं कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के जरिए ही निकाला जा सकता है। अब सरकार और संगठन के बीच बातचीत की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है।