सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर बोरी में गांजा भरकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 8 किलो 305 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
चेकिंग के दौरान हुआ खुलासा
यह कार्रवाई प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गोटगवां में नियमित वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस को बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बाइक दिखाई दी, जिसे रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर बाइक पर रखी सफेद बोरी में गांजा मिला।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। बरामद मादक पदार्थ का वजन 8 किलो 305 ग्राम निकला।
यूपी का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेशचन्द्र निषाद (39 वर्ष), निवासी बांदा जिला, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है।
फरार साथी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले की जांच जारी है।