दुर्ग को मिली विकास की नई उड़ान, शिक्षा और खेल के लिए मुख्यमंत्री ने खोला सौगातों का पिटारा

दुर्ग | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव 2026-27 के दौरान शिक्षा और खेल क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन और समान अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पहली बार विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें, गणवेश, स्कूल बैग तथा छात्राओं को साइकिल वितरित की। साथ ही राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया।

चार बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले के लिए चार प्रमुख घोषणाएं कीं—

  • शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के लिए आधुनिक कंपोजिट भवन का निर्माण।
  • दुर्ग शहर में सर्वसुविधायुक्त आधुनिक ऑडिटोरियम की स्थापना।
  • फुटबॉल मैदान सहित एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण।
  • NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए 100-100 सीटों वाले छात्र एवं छात्रा छात्रावास की स्थापना।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले के विद्यार्थियों और खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

शिक्षा में आधुनिक सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूलों में स्मार्ट क्लास, तकनीकी संसाधन, अतिरिक्त पौष्टिक आहार, नियमित पालक-शिक्षक बैठक और अन्य नवाचारों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बना रही है। उन्होंने बताया कि युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश का कोई भी विद्यालय शिक्षकविहीन नहीं है और दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विज्ञान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय की खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार वैज्ञानिक मॉडलों की सराहना की। उन्होंने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया तथा स्कूली बच्चों के साथ न्योता भोज में शामिल होकर संवाद किया।

मेधावी छात्रों का सम्मान

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पायल रजनी (प्रथम), नैतिक आमटे (सातवां) और श्रद्धा इंदौरिया (दसवां स्थान) को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, साजा विधायक ईश्वर साहू सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *